NCERT प्रश्न-अभ्यास: मौखिक (एक-दो पंक्तियों में उत्तर)
प्रश्न 1. तताँरा-वामीरो कहाँ की कथा है?
उत्तर : तताँरा-वामीरो अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह की लोककथा है। यह उस समय की कथा है जब लिटिल अंदमान और कार-निकोबार आपस में जुड़े हुए थे।
प्रश्न 2. वामीरो अपना गाना क्यों भूल गई?
उत्तर : वामीरो समुद्र किनारे गा रही थी, तभी एक ऊँची लहर उठी और उसे भिगो गई। इस हड़बड़ाहट में वह अपना गाना भूल गई।
प्रश्न 3. तताँरा ने वामीरो से क्या याचना की?
उत्तर : तताँरा ने वामीरो से याचना की कि वह अपना अधूरा गीत पूरा करे, उसे अपना नाम बताए और अगले दिन फिर उसी जगह (समुद्री चट्टान पर) उससे मिलने आए।
प्रश्न 4. तताँरा और वामीरो के गाँव की क्या रीति थी?
उत्तर : उनके गाँव की रीति थी कि विवाह के लिए वर और वधू दोनों का एक ही गाँव का होना आवश्यक है। दूसरे गाँव के युवक-युवती के बीच विवाह-संबंध परंपरा के विरुद्ध था।
प्रश्न 5. क्रोध में तताँरा ने क्या किया?
उत्तर : पशु-पर्व में अपमानित होने पर क्रोध में तताँरा ने अपनी लकड़ी की तलवार निकाली, उसे पूरी शक्ति से धरती में घोंप दिया और अपनी ओर खींचता चला गया। इससे धरती में दरार पड़ गई और द्वीप दो टुकड़ों में बँट गया।
NCERT प्रश्न-अभ्यास: लिखित (क) 25-30 शब्दों में उत्तर
प्रश्न 1. तताँरा की तलवार के बारे में लोगों का क्या मत था?
उत्तर : तताँरा अपनी कमर में सदा एक लकड़ी की तलवार बाँधे रहता था। लोगों का मत था कि लकड़ी की होने पर भी उस तलवार में अद्भुत दैवीय शक्ति है। तताँरा उसे कभी अलग नहीं करता था और दूसरों के सामने उसका उपयोग भी नहीं करता था, इसलिए वह तलवार एक विलक्षण रहस्य थी।
प्रश्न 2. वामीरो ने तताँरा को बेरुखी से क्या जवाब दिया?
उत्तर : वामीरो ने बेरुखी से कहा कि पहले वह बताए कि वह कौन है, इस तरह उसे क्यों घूर रहा है और ऐसा असंगत प्रश्न क्यों पूछ रहा है। अपने गाँव के अलावा किसी और गाँव के युवक के प्रश्नों का उत्तर देने के लिए वह बाध्य नहीं है, यह बात वह भी जानता है।
तताँरा-वामीरो की त्यागमयी मृत्यु से निकोबार में क्या परिवर्तन आया?
उत्तर
तताँरा-वामीरो की त्यागमयी मृत्यु के बाद निकोबारी दूसरे गाँवों में भी आपसी वैवाहिक संबंध करने लगे। एक ही गाँव में विवाह की कठोर रीति टूट गई। लेखक के अनुसार उनकी मृत्यु शायद इसी सुखद परिवर्तन के लिए थी।
प्रश्न 4. निकोबार के लोग तताँरा को क्यों पसंद करते थे?
उत्तर : तताँरा सुंदर, शक्तिशाली, नेक और मददगार युवक था। वह केवल अपने गाँव वालों की ही नहीं, पूरे द्वीपवासियों की सेवा को अपना परम कर्तव्य समझता था और मुसीबत में बुलाने पर तुरंत पहुँच जाता था। उसके त्यागी और आत्मीय स्वभाव के कारण निकोबारी उसे बेहद प्रेम करते थे और दूसरे गाँवों में भी पर्व-त्योहारों पर उसे विशेष रूप से बुलाया जाता था।
NCERT प्रश्न-अभ्यास: लिखित (ख) 50-60 शब्दों में उत्तर
निकोबार द्वीपसमूह के विभक्त होने के बारे में निकोबारियों का क्या विश्वास है?
उत्तर
निकोबारियों का विश्वास है कि प्राचीन काल में लिटिल अंदमान और कार-निकोबार एक ही द्वीप थे। जब पशु-पर्व में वामीरो की माँ और गाँव वालों ने तताँरा का अपमान किया, तब क्रोध में तताँरा ने अपनी तलवार धरती में घोंपकर पूरी ताकत से खींची। लकीर की सीध में धरती फटती गई और द्वीप दो टुकड़ों में बँट गया। उनका मानना है कि तताँरा की तलवार से कार-निकोबार के जो टुकड़े हुए, उनमें दूसरा टुकड़ा लिटिल अंदमान है, जो आज कार-निकोबार से 96 कि.मी. दूर है।
तताँरा खूब परिश्रम करने के बाद कहाँ गया? वहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य का वर्णन अपने शब्दों में कीजिए।
उत्तर
दिनभर के अथक परिश्रम के बाद तताँरा शाम को समुद्र किनारे टहलने गया। सूरज समुद्र से लगे क्षितिज के नीचे डूबने वाला था। समुद्र से ठंडी हवाएँ आ रही थीं और पक्षियों की शाम की चहचहाहट धीरे-धीरे शांत हो रही थी। तताँरा समुद्री रेत पर बैठकर डूबते सूरज की रंग-बिरंगी किरणों को समुद्र पर निहारने लगा। लहरों का संगीत और वातावरण की शांति उस शाम को बहुत मनोहारी बना रहे थे।
वामीरो से मिलने के बाद तताँरा के जीवन में क्या परिवर्तन आया?
उत्तर
वामीरो से मिलने के बाद तताँरा का शांत और गंभीर जीवन बेचैन हो उठा। उसे हर पल वामीरो की प्रतीक्षा रहने लगी। अगले दिन वह शाम से काफ़ी पहले ही लपाती की समुद्री चट्टान पर पहुँच गया और एक-एक पल उसे पहाड़ जैसा भारी लगने लगा। उसके मन में आशंका रहती कि वामीरो न आई तो क्या होगा। उसके जीवन में ऐसा पहली बार हुआ था। वह अचंभित भी था और रोमांचित भी। इसके बाद दोनों रोज़ उसी जगह मिलने लगे।
प्राचीन काल में मनोरंजन और शक्ति-प्रदर्शन के लिए किस प्रकार के आयोजन किए जाते थे?
उत्तर
प्राचीन काल में 'पशु-पर्व' जैसे आयोजन होते थे, जिनमें वर्ष में एक बार सभी गाँवों के लोग हिस्सा लेते थे। इनमें हृष्ट-पुष्ट पशुओं का प्रदर्शन होता था और पशुओं से युवकों की शक्ति-परीक्षा की प्रतियोगिता होती थी। शाम को नृत्य-संगीत और भोजन का भी आयोजन होता था। ऐसे आयोजन मनोरंजन के साथ आपसी मेल-जोल और शक्ति-प्रदर्शन का अवसर होते थे।
रूढ़ियाँ जब बंधन बन बोझ बनने लगें तब उनका टूट जाना ही अच्छा है। क्यों? स्पष्ट कीजिए।
उत्तर
रूढ़ियाँ समाज में किसी समय की आवश्यकता से बनती हैं, पर समय बदलने पर वे व्यर्थ बंधन बन जाती हैं। तब वे मनुष्य की स्वाभाविक भावनाओं और प्रगति में बाधा डालती हैं। इस कथा में एक ही गाँव में विवाह की रूढ़ि के कारण तताँरा और वामीरो का सच्चा प्रेम पूरा नहीं हो सका और दोनों का दुखद अंत हुआ। उनके बलिदान के बाद ही यह रूढ़ि टूटी और गाँवों में आपसी विवाह होने लगे। इसलिए जो रूढ़ियाँ बोझ बन जाएँ, उनका टूट जाना ही समाज के लिए अच्छा है।
NCERT प्रश्न-अभ्यास: लिखित (ग) आशय स्पष्ट कीजिए
प्रश्न 1. निम्नलिखित का आशय स्पष्ट कीजिए
जब कोई राह न सूझी तो क्रोध का शमन करने के लिए उसमें शक्ति भर उसे धरती में घोंप दिया और ताकत से उसे खींचने लगा।
उत्तर : पशु-पर्व में वामीरो की माँ और गाँव वालों द्वारा अपमानित होने पर तताँरा क्रोध और विवशता से भर गया। विवाह की निषेध परंपरा पर उसे क्षोभ था और अपनी असहायता पर खीज। जब उसे कोई उपाय नहीं सूझा, तो अपना क्रोध शांत करने के लिए उसने अपनी तलवार पूरी शक्ति से धरती में गाड़ दी और उसे ज़ोर से खींचने लगा। आशय यह है कि उसका क्रोध किसी व्यक्ति पर नहीं, धरती पर निकला।
प्रश्न 2. निम्नलिखित का आशय स्पष्ट कीजिए
बस आस की एक किरण थी जो समुद्र की देह पर डूबती किरणों की तरह कभी भी डूब सकती थी।
उत्तर : तताँरा समुद्री चट्टान पर वामीरो की प्रतीक्षा कर रहा था। उसके मन में बस एक आशा थी कि वामीरो आएगी। पर यह आशा बहुत कमज़ोर थी, जैसे समुद्र पर पड़ती सूरज की अंतिम किरणें कभी भी डूब सकती हैं, वैसे ही वामीरो के न आने पर उसकी आशा भी कभी भी टूट सकती थी।
NCERT प्रश्न-अभ्यास: भाषा अध्ययन (चयनित)
निम्नलिखित वाक्य किस प्रकार के हैं (प्रश्नवाचक, विधानवाचक, निषेधात्मक, विस्मयादिबोधक)? (क) निकोबारी उसे बेहद प्रेम करते थे। (ख) तुमने एकाएक इतना मधुर गाना अधूरा क्यों छोड़ दिया? (ग) वामीरो की माँ क्रोध में उफन उठी। (घ) क्या तुम्हें गाँव का नियम नहीं मालूम? (ङ) वाह! कितना सुंदर नाम है। (च) मैं तुम्हारा रास्ता छोड़ दूँगा।
उत्तर
(क) विधानवाचक (ख) प्रश्नवाचक (ग) विधानवाचक (घ) प्रश्नवाचक (ङ) विस्मयादिबोधक (च) विधानवाचक
निम्नलिखित मुहावरों का अपने वाक्यों में प्रयोग कीजिए: सुध-बुध खोना, बाट जोहना, खुशी का ठिकाना न रहना, आग बबूला होना, आवाज़ उठाना
उत्तर
(क) सुध-बुध खोना: मधुर संगीत सुनकर श्रोता अपनी सुध-बुध खो बैठे। (ख) बाट जोहना: माँ शाम से बेटे के लौटने की बाट जोह रही थी। (ग) खुशी का ठिकाना न रहना: परीक्षा में प्रथम आने पर रमा की खुशी का ठिकाना न रहा। (घ) आग बबूला होना: नौकर से गिलास टूटने पर मालिक आग बबूला हो गया। (ङ) आवाज़ उठाना: हमें अन्याय के विरुद्ध आवाज़ उठानी चाहिए।
महत्वपूर्ण अतिरिक्त प्रश्न-उत्तर
प्रश्न 1. इस कथा का भौगोलिक संदर्भ क्या है?
उत्तर : पाठ के अनुसार लिटिल अंदमान, अंदमान द्वीपसमूह का अंतिम दक्षिणी द्वीप है, जो पोर्ट ब्लेयर से लगभग सौ किलोमीटर दूर है। इसके बाद निकोबार द्वीपसमूह शुरू होता है, जिसका पहला प्रमुख द्वीप कार-निकोबार है। यह लिटिल अंदमान से 96 कि.मी. दूर है। निकोबारियों का विश्वास है कि प्राचीन काल में ये दोनों द्वीप एक थे और तताँरा की तलवार से अलग हुए। यह कथा इन दो द्वीपों के अलग होने की लोक-मान्यता प्रस्तुत करती है।
इस कहानी में कौन-सी सामाजिक रूढ़ि पर प्रकाश डाला गया है?
उत्तर
कहानी में उस रूढ़ि पर प्रकाश डाला गया है जिसके अनुसार विवाह के लिए युवक और युवती का एक ही गाँव का होना आवश्यक था। वामीरो लपाती गाँव की थी और तताँरा पासा गाँव का, इसलिए उनका संबंध परंपरा के विरुद्ध माना गया। इसी रूढ़ि के कारण दोनों का प्रेम अधूरा रह गया। उनके बलिदान के बाद निकोबारी दूसरे गाँवों में भी विवाह करने लगे। कहानी संदेश देती है कि मानवीय भावनाओं को कुचलने वाली रूढ़ियों को तोड़ देना चाहिए।
प्रश्न 3. तताँरा और वामीरो के प्रेम का अंत कैसे हुआ?
उत्तर : पशु-पर्व में वामीरो तताँरा को देखकर रोने लगी। उसकी माँ ने दोनों को साथ देखकर तताँरा का अपमान किया और गाँव वाले भी उसके विरोध में बोलने लगे। क्रोध में तताँरा ने तलवार धरती में घोंपकर खींची, जिससे द्वीप दो टुकड़ों में बँट गया। तताँरा दूसरी ओर रह गया और उसका टुकड़ा समुद्र में धँसने लगा। वह लहूलुहान होकर अचेत हो गया और बहता हुआ कहाँ पहुँचा, उसका क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता। उधर वामीरो पागल-सी हो गई। वह हर समय तताँरा को खोजती उसी जगह पहुँचकर घंटों बैठी रहती। उसने खाना-पीना छोड़ दिया और परिवार से अलग-थलग हो गई। बाद में लोगों ने उसे ढूँढ़ने की बहुत कोशिश की, पर उसका कोई सुराग नहीं मिला। उनकी त्यागमयी मृत्यु के बाद निकोबारी दूसरे गाँवों में भी आपसी वैवाहिक संबंध करने लगे।
प्रश्न 4. रिक्त स्थान भरिए
(i) लिटिल अंदमान और कार-निकोबार के बीच की दूरी ____________ कि.मी. है। 96
(ii) तताँरा की तलवार ____________ की बनी थी। लकड़ी
(iii) वामीरो ____________ गाँव की थी और तताँरा ____________ गाँव का। लपाती, पासा
(iv) तताँरा ने तलवार से धरती को ____________ के अवसर पर चीरा। पशु-पर्व
(v) इस घटना के बाद निकोबारी ____________ गाँवों में भी आपसी वैवाहिक संबंध करने लगे। दूसरे